बाराबंकी। शहर के एक निजी अस्पताल से इस्तीफा देने वाले डाक्टर 24 घंटे बाद ही शुक्रवार को काम पर लौट आए। उधर अस्पताल प्रबंधन की ओर से बर्खास्त किए गए दो डाक्टरों का मामला अभी नहीं सुलझा है। प्रबंधन का कहना है कि बर्खास्त किए गए डॉक्टरों पर लंबे समय से कार्रवाई चल रही है।
मेयो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (अस्पताल) की चेयरपर्सन डॉ. मधुलिका सिंह के मुताबिक बर्खास्त किए गए डॉक्टर कई अस्पतालों में प्रेक्टिस करते थे। समय पर ड्यूटी नहीं करते थे। शिकायत करने पर डीन व एचओडी से अभद्रता की। उनके आचरण में कोई सुधार न होने के कारण बर्खास्त किया गया था। उधर मेयो अस्पताल के 24 डॉक्टरों ने वेतन में कटौती और प्रबंधन पर पक्षपात पूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए गुरुवार को इस्तीफा ले लिया था। इस्तीफा देने वाले डॉक्टर शुक्रवार को काम पर लौट आए। चेयरपर्सन ने बताया कि बर्खास्त किए गए डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोरोना काल में कोई भी डॉक्टर नौकरी छोड़कर नहीं जा सकता।