बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित निर्वाचन अधिकारी व सहाय?
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 के लिए निर्वाचन अधिकारी (आरओ) व सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) को सकुशल चुनाव सम्पन्न कराने के टिप्स दिए गए। इसको लेकर बुधवार को जीआईसी के ऑडीटोरियम में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आदर्श सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
चुनाव कार्य में लगाए गए अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अन्य चुनावों की अपेक्षा पंचायत का चुनाव अधिक संवेदनशील होता है। ऐसे में सभी निर्वाचन अधिकारी (आरओ)/ सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) पूरे मनोयोग के साथ सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करेंगे। ताकि पारदर्शी चुनाव की परिकल्पना पूरी हो सके। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में एक ही दिन चुनाव होगा। ऐसे में इसकी संवेदनशीलता और बढ़ जाती है। इस चुनाव में आरओ व एआरओ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
जिसमें आप सभी का बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। इसलिए प्रशिक्षण में बताए जा रहे दिशा निर्देशों को ध्यान से सुनें तथा सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें। प्रशिक्षण में पंचायत चुनाव के निर्वाचन पदों, नामांकन पत्रों की व्यवस्था एवं बिक्री, नामांकन पत्र प्राप्त करने तथा जांचने के अलावा उम्मीदवारी वापस लेने, चुनाव चिन्ह का आवंटन तथा निर्विरोध निर्वाचन तक के बारे में बारीकी से जानकारी दी गई।
अपर जिलाधिकारी संदीप गुप्ता ने कहा कि सभी कार्य निर्वाचन अधिकारी के नियंत्रण एवं मार्ग निर्देशन में सहायक निर्वाचन अधिकारी निर्वाचन तथा उनके सहयोगी करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन आशीष पाठक ने किया। इस मौके पर सीडीओ एकता सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा, जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश कुमार आदि मौजूद थे।