बाराबंकी। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग द्वारा रविवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में यहां के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को गृह राज्यमंत्री और एनसीपीसीआर के चेयरमैन द्वारा ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एक युद्ध नशे के विरुद्ध... अभियान के तहत जिला प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की कमर तोड़ दी। डीएम के आदेश पर तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट तक में सख्त कार्रवाई की गई। इसके अलावा युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों, कॉलेजाें और मेडिकल कॉलेजों तथा इंजीनियरिंग कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाया गया।
लोगों को इससे होने वाले दुष्प्रभावों के विषय में बताया गया जिसके चलते जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। इस पर राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग ने जिलाधिकारी को सम्मानित करने का निर्णय लिया था।
रविवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में जिलाधिकारी को गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और एनसीपीसीआर के चेयरमैन प्रियंक कानूनगो द्वारा ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीएम ने बताया कि इस अभियान में पुलिस का सराहनीय योगदान रहा।