रामनगर तिराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर किया गया डायवर्जन।
बाराबंकी। सावन के तीसरे सोमवार और अयोध्या में सावन मेला को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर सभी भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर भी भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। यह डायवर्जन सोमवार देर रात तक लागू रहेगा।
लखनऊ-बाराबंकी सीमा पर स्थित इंदिरा नगर पुल के पास से भारी वाहनों को किसान पथ और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा जा रहा है। लोधेश्वर महादेवा में सोमवार को होने वाली भीड़ को देखते हुए रामनगर तिराहा, मसौली, रामनगर, महादेवा मोड़, चौकाघाट आदि जगहों पर बैरियर लगाए गए हैं। शनिवार सुबह से ही डायवर्जन लागू होने से बहराइच, गोंडा, बलरामपुर की ओर जाने वाले वाहनों को रामनगर तिराहे से आगे नहीं जाने दिया गया। डायवर्जन के चलते अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों को वापस कर दिया गया। इन वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जाने के लिए भेजा गया।
गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहन लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग से नहीं जा सकेंगे। ये भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होकर गोरखपुर जाएंगे। बहराइच की ओर जाने वाले वाहन किसान पथ से होते हुए सीतापुर रोड से महमूदाबाद, चहलारी घाट होते हुए बहराइच, गोंडा, बलरामपुुर की ओर जा सकेंगे। रामसनेहीघाट में बैरियर लगाकर हैदरगढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को पुलिस ने लौटा दिया। एआरएम जमीला खातून ने बताया कि डायवर्जन के चलते रविवार को रामनगर के लिए सिर्फ परीक्षार्थियों को लेकर बस जाएगी। अन्य बसें नहीं जा सकेंगी।
वर्जन::
अयोध्या हाईवे पर भारी वाहनोंं पर प्रतिबंध है। वहीं, बहराइच हाईवे पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोकी गई। चार पहिया वाहन से परीक्षार्थी एडमिट कार्ड दिखाकर जा सकेंगे। यातायात डायवर्जन सोमवार रात 11 बजे तक लागू रहेगा। अयोध्या में भीड़ बढ़ी तो छोटे वाहनों को भी रोका जा सकता है। सभी डायवर्जन आवश्यक सेवाओं को छोड़कर लागू रहेंगे। - रामयतन यादव, यातायात प्रभारी