बाराबंकी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सतरिख में बुधवार को राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के तहत जिलास्तरीय रोल प्ले, निबंध व पोस्टर प्रतियोगिताएं हुईं। शुभारंभ डीआईओएस अमिता सिंह और प्रधानाचार्या संगीता चौधरी ने किया। रोल प्ले में मेजबान कॉलेज प्रथम, जीआईसी निंदूरा द्वितीय और पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जैदपुर तृतीय रहा। निबंध में रफी मेमोरियल इंटर कॉलेज मसौली के दीपक, जनपद इंटर कॉलेज हरख की शिफा बानो और जनता इंटर कॉलेज बदोसराय की महिमा कश्यप क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहीं। पोस्टर में जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की सुनीता, पीडी जैन इंटर कॉलेज के गुलाम वारिस और जीजीआईसी की नायला अंसारी विजेता रहे। अमिता सिंह ने बालिकाओं के स्वावलंबन व कॅरिअर विकल्पों की जानकारी पर जोर दिया। प्रमाण पत्र बांटे गए।