फतेहपुर। जिला जज प्रतिभा श्रीवास्तव ने मंगलवार को ग्राम न्यायालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी अभिलेख देखे और अधिवक्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। दिन में करीब एक बजे तहसील परिसर स्थित ग्राम न्यायालय पहुंचीं जिला जज ने प्रारम्भिक रजिस्टर, अवशेष रजिस्टर, केस डायरी, रिटर्न ऑफ अर्थदण्ड रजिस्टर समेत सभी अभिलेखों का निरीक्षण किया और पत्रावलियों को सहेज कर रखने और नियमानुसार मुकदमों के निस्तारण पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता हरिनाम सिंह वर्मा, राजीव नयन तिवारी, रामसिंह चौहान, सुशील पटेल, श्रवण कुमार वर्मा आदि अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील स्तर पर सिविल न्यायालय को ले जाने की मांग कई दशकों से होती चली आ रही है। इसके संबंध में एसडीएम कार्तिकेय सिंह से प्रस्ताव भेजने की मांग की। वादकारियों के लिए शुद्ध पेयजल और ग्राम न्यायालय के सामने वादकारियों के बैठने के लिए टिनशेड की भी मांग अधिवक्ताओं ने की। इस मौके पर सिविल जज ललित सिंह, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय, तहजीब हैदर आदि मौजूद रहे।