माती। बेलंबर गांव में चाचा की माैत से आहत 22 वर्षीय सूरज ने बुधवार शाम तालाब में छलांग लगा दी। देर शाम तक माती पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश करती रही। ग्रामीणों के अनुसार, सूरज के चाचा छोटेलाल की मंगलवार शाम बीमारी के चलते मौत हो गई थी, जिनका अंतिम संस्कार बुधवार को सूरज ने ही किया था। अंतिम संस्कार के करीब तीन घंटे बाद, सूरज नशे की हालत में और काफी भावुक थे। वह अंतिम संस्कार स्थल के पास गए, चिता की राख माथे से लगाई और तालाब में छलांग लगा दी।
आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर ग्रामीण जुट गए। कुछ लोगों ने साहस दिखाकर तालाब में उतरकर सूरज को खोजने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह डूब चुके थे। सूरज अपने परिवार के इकलौता बेटे थे। उनके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। दो बहनों में से एक की मृत्यु हो चुकी है, दूसरी की शादी हो गई है। परिवार में अब केवल उनकी मां बची हैं। सीओ आफताब आलम ने बताया कि तालाब में तलाशी अभियान जारी है।