बाराबंकी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर में किया गया। इसका शुभारंभ जिला जज पंकज कुमार सिंह ने किया।
नोडल अधिकारी अनिल कुमार शुक्ल ने बताया कि राजस्व, बैंकों, विभिन्न विभागों एवं सिविल कोर्ट बाराबंकी के समस्त न्यायालयों द्वारा समग्र रूप से कुल 1,58,306 मामलों का निस्तारण करते हुए कुल 24.41 करोड़ रुपये अर्थदंड एवं प्रतिकर के रूप में सरकारी खजाने में जमा कराए गए।
निस्तारित मामलों में सिविल कोर्ट बाराबंकी के विभिन्न न्यायालयों द्वारा कुल 18,013 वादों का निस्तारण करते हुए कुल 6,70,91,491 रुपये की धनराशि अर्थदंड एवं प्रतिकर के रूप वसूली गई। प्री-लेटिगेशन स्तर पर राजस्व विभाग, बैंकों, विभिन्न विभागों के कुल 1,40,293 मामलों का निस्तारण करते 17,43,13, 483 रुपये की राशि वसूली गई। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण न्यायालय के द्वारा प्रतिकर के कुल 69 वादों का निस्तारण करते हुए 4,52,76,612 रुपये प्रतिकर के रूप में वसूले गए। इस मौके पर रमेश चन्द्र, सत्यदेव गुप्ता, आनन्द कुमार, श्रीकृष्ण चन्द्र सिंह, इन्द्रसेन, सुमित त्रिपाठी, अशोक कुमार वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।