बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में कीमती उपकरण चोरी हो रहे हैं। पुलिस ने इन घटनाओं की प्राथमिकी दर्ज की है लेकिन चोरों को पकड़ने के लिए गंभीर नहीं है। इसके कारण विद्यालयों में डिजिटलीकरण का कार्य पूरी तरह ठप पड़ गया है।
बीते साल दिसंबर में दहिला स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में चोरों ने खिड़की काटकर घुसे थे। वहां से चार कंप्यूटर, एक सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट और एक निगरानी कैमरा चोरी कर लिया। लिपिक ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में कंपोजिट ग्रांट से कुछ सामान खरीदा गया, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी ने निजी रुपये से कंप्यूटर खरीदा। इससे पहले 22 जुलाई 2025 की रात दहिला प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने चौकीदार मुलायम को बंधक बनाया। यहां से गैस सिलिंडर, बिजली परिवर्तक और बैटरी चुरा ले गए।
सात जुलाई 2025 को अखैयापुर व गौरवा उस्मानपुर संविलियन विद्यालय में ताला तोड़कर चोरी हुई। चोर गैस सिलिंडर, बिजली परिवर्तक और मध्याह्न भोजन के बर्तन ले गए। 14 जुलाई 2025 को शिवपुर प्राथमिक विद्यालय से मध्याह्न भोजन के बर्तन और गैस सिलिंडर चोरी हुए। 30 जून 2025 को दहिला पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चोरों ने कंप्यूटर और निगरानी कैमरा चुराया।
10 जुलाई 2025 को चोरों ने इसी विद्यालय को दोबारा निशाना बनाते हुए कई सामान चोरी कर लिए। पुलिस क्षेत्राधिकारी समीर सिंह ने बताया कि चोरी के इन मामलों की समीक्षा की जाएगी। चोरों की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।