हैदरगढ़ (बाराबंकी)। अवैध खनन की सूचना पर पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाने के लिए चौराहे पर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा नेता व सीओ के बीच कहासुनी के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली ले जाकर सीज कर दिया।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक 100 डायल पर रानी का पुरवा के पास अवैध खनन कर मिट्टी ढुलाई की सूचना मिली थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ने को लेकर खनन करने वालों व पुलिस में विवाद हो गया। विवाद होने की सूचना पर पहुंचे सीओ की मौजूदगी में पुलिस ने मौके से मिट्टी लादकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया।
हैदरगढ़ कस्बा के मुख्य चौराहे पर भाजपा नेता व हैदरगढ़ चेयरमैन के पति पंकज दीक्षित ने पुलिस कार्रवाई का विरोध जताते हुए निजी उपयोग के लिए खेत से मिट्टी निकाले जाने की जानकारी दी। इस दौरान पंकज दीक्षित व सीओ के बीच तीखी बहस से मौके पर तमाम लोग जमा हो गए। अन्य लोगों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली ले जाकर सीज कर दिया है। पंकज दीक्षित ने बताया कि निजी कार्य के लिए दौलतपुर गांव स्थित खेत से दस ट्रॉली मिट्टी खनन की अनुमति एसडीएम से ली गई थी लेकिन पुलिस ने मनमाने तरीके से कार्रवाई की है। उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत करेंगे।
वहीं, पुलिस के मुताबिक रानी का पुरवा गांव के पास से खनन कर मिट्टी ढुलाई की जा रही थी। सीओ ने बताया कि 100 डायल पर अवैध खनन की सूचना मिली थी जिसके बाद रानीपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने पकड़ा है। कोतवाली तक खनन से संबधित कोई अभिलेख पुलिस को नहीं दिखाए गए थे।
कोतवाल अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि 100 डायल की सूचना पर अवैध खनन के आरोप में ट्रैक्टर-ट्रॉली कोतवाली लाकर सीज किया गया है।