कोटवासडक (बाराबंकी)। बनीकोडर ब्लॉक के हूसेपुर गांव की रहने वाली श्रीदेवी ने अपने हौसले से टैंक में मछली पालन कर लखपति दीदी बनने की ठानी है। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत गठित जय माता काली स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी श्रीदेवी अब गांव की बाकी महिलाओं को भी मछली पालन के लिए प्रेरित कर रही हैं। समूह से 60 हजार रुपये ऋण लेकर टैंक में मछली पालन कर शुरू किए स्वरोजगार से श्रीदेवी अब परिवार का भरण पोषण भी बेहतर तरह से कर रही हैं।
बताया कि उन्होंने टैंकों में चार हजार मछली के बच्चे बंगाल से मंगाकर डाले हैं। ताकि अच्छी प्रजाति की मछली का उत्पादन हो सके। अच्छी मछलियों की बिक्री से उन्हें डेढ़ लाख रुपये तक का फायदा होने की उम्मीद है। श्रीदेवी का हौसला व हिम्मत देख अब गांव व समूह की अन्य महिलाएं भी स्वरोजगार के लिए टैंक में मछली पालन के लिए प्रेरित हो रही हैं। इसके लिए उन्हें घर से कहीं बाहर जाने की जरूरत भी नहीं होगी। एक बार मछलियां तैयार हो जाने पर इसकी अच्छी कीमत मिलने से उनकी अच्छी आमदनी भी हो सकेगी।
श्री देवी ने बताया कि मछलियों को खिलाने का चारा वह स्वयं फतेहपुर क्षेत्र के विशुनपुर में संचालित फैक्ट्री से लाती हैं। काम शुरू करने से पहले लोग उन्हें डराते थे कि मछलियां मर जाएंगी तो पैसा डूब जाएगा, मगर अब वह डर खत्म हो गया है। भरोसा जताया कि मछलियों का अच्छा उत्पादन करने से वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप लखपति दीदी बनकर जरूर दिखाएंगी।