देवा। जो रब है वही राम का संदेश देने वाले सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के पिता सैयद कुर्बान अली शाह दादा मियां की याद में आठ अक्तूबर से देवा मेला का भव्य आयोजन होगा। इस दौरान दोनों दरगाह पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है।
सैयद कुर्बान अली शाह मजार के जिम्मेदार सैय्यद अयान गनी ने बताया कि पहले दिन आठ अक्तूबर को दादा मियां की मजार पर परंपरागत चादर पेश की जाएगी। नौ अक्तूबर को जिक्र शोहदाए कर्बला के बाद 10 अक्तूबर को वारिस पाक की पालकी में सवार हो कर दादा मियां आस्ताने के आस्ताने पर चादर पेश करेंगे। इसके बाद महफिले कव्वाली के आयोजन के साथ कुल की रस्म अदा होगी।
बताया कि दरगाह हजरत सैय्यद अली अहमद शाह उर्फ कल्लन मियां पर महफिले समा का आयोजन और हजरत कुर्बान अली शाह का कुल शरीफ होगा। इसके बाद 11 अक्तूबर को महफिले समा और हजरत खादिम अली शाह व अन्य के कुल होंगे। इस मौके पर रात भर कव्वाली का दौर जारी रहेगा। रात तीन बजे कुरआन ख्वानी और चार बजकर 13 मिनट पर हाजी वारिस अली शाह का कुल होगा। 13 अक्तूबर को दादा मियां का गुस्ल होगा। (संवाद)