बाराबंकी। जिले में कई दिनों से जारी ठंड और कोहरे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सर्द हवा के थपेड़ों के साथ घने कोहरे और बादलों की चादर ने पूरे दिन सूरज को अपनी ओट में छिपाए रखा। तापमान में आई गिरावट से जनजीवन बेहाल हो गया। न्यूनतम तापमान शनिवार की तुलना में दो डिग्री गिरकर सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री पर ठिठका रहा।
मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को कोल्ड-डे घोषित करते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार देर रात से ही शहर समेत पूरे इलाके में घना कोहरा छाने लगा था। रविवार भोर में कोहरे के कारण लखनऊ-अयोध्या, लखनऊ-सुल्तानपुर और बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर दृश्यता महज 50 से 60 मीटर रह गई। कोहरे की चादर से छोड़े बड़े वाहनों की रफ्तार थम सी गई, वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के कारण बाराबंकी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली 80 में से 27 ट्रेनें 15 मिनट से लेकर एक घंटे तक देरी से चली।
सुबह 11 बजे के बाद कोहरा कुछ हल्का जरूर पड़ा, लेकिन दोपहर दो बजे के बाद फिर से धुंध छाने लगी। ठंड से बचने के लिए लोग सड़क के किनारे कूड़ा कचरा जलाकर राहत पाने की कोशिश करते दिखे।
नाका सतरिख और छाया चौराहे पर लगने वाली मजदूर मंडी में रोज की तुलना में श्रमिकों की संख्या कम रही। रविवार का अवकाश होने से बच्चों को स्कूल नहीं जाना पड़ा।