बाराबंकी। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। शनिवार को जहां डेंगू के तीन नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए, वहीं एक अन्य मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। इसके अलावा सतरिख और हैदरगढ़ क्षेत्र में भी डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिले में शनिवार को कुल 12 लोग डेंगू से पीड़ित पाए गए।
शहर के मोहल्ला लखपेड़ाबाग निवासी रामप्रसाद, देवीदीन और गोपाल को तेज बुखार की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में डेंगू के लक्षण पाए जाने पर भर्ती कर लिया गया। जबकि हालत गंभीर होने पर यहांपहले से भर्ती प्रवेश को लखनऊ रेफर किया गया है। सतरिख कस्बे के मोहल्ला गढ़ी में अब्दुल कलाम, रामप्रकाश, पतिहा मोहल्ले के अनुराग, सतीश शर्मा, छोटू, भारागंज के दिनेश कुमार और सुरेश आदि डेंगू की चपेट में आ गए हैं। परिजनोें ने बताया कि निजी पैथोलॉजी पर जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर लखनऊ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बताया कि सरकारी अस्पतालों में जांच की सुविधा नहीं मिलने के कारण लोग निजी पैथोलॉजी पर महंगे दामों पर जांच कराने के लिए मजबूर हैं। सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। सीएचसी सतरिख के अधीक्षक को मौके पर जाने के आदेश दिए गए हैं।
हैदरगढ़ से कौड़िया के सिद्धार्थ, घरकुइयां की रामलली पत्नी सत्य नारायन, श्रीकृष्णपुर की आरती को कई दिन से गंभीर बुखार होने पर रेफर किया गया। इन लोगों में डेंगू होने की आशंका जताई जा रही है। कनावा गांव के आनंद तिवारी को डेंगू से पीड़ित होने पर लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि सरकारी अस्पताल से डेंगू बुखार से पीड़ित पांच लोगों को रेफर किया जा चुका है।
त्रिवेदीगंज में जौनपुर के चंद्र भूषण नवोदय विद्यालय में तैनात पत्नी मंजू से मिलने आए थे। डेंगू से पीड़ित होने पर सीएचसी से रेफर कर दिया गया है। लखापुर के शीतलादीन भी डेंगू से पीड़ित हैं। दोनों की जांच केजीएमयू लखनऊ में होने पर डेंगू की पुष्टि हुई है।