बाराबंकी। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले का आयोजन रविवार को किया गया। इस दौरान मरीजों की अच्छी खासी भीड़ नजर आई। जांच में 10 मरीज के डेंगू तो 31 मरीज मलेरिया के पॉजिटिव पाए गए जिन्हें उपचार कर दवाएं दी गई। वहीं गंभीर पाए गए दो मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला लगा। इस दौरान 1660 मरीज देखे गए। मेले में पात्र पाए गए 55 लोगों के आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाए गए। मेले में जांच के दौरान डेंगू के 10 पॉजिटिव और मलेरिया के 31 मरीज पॉजिटिव पाए गए। जिस पर इन्हें दवाएं देकर तीन दिन बाद दोबारा आने की सलाह ददी गई।
कोटवासड़क की भीखरपुर, पटकनपुरवा, कोटवासड़क एवं सिल्हौर में मेले का आयोजन हुआ। अगलबगल के गांवों के मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और दवाइयां भी दी गई। जबकि गाजीपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी चिकित्सक व फार्मेसिस्ट नहीं पहुंचा। इससे यहां आए मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
त्रिलोकपुर पीएचसी पर दवा देने आए राजेन्द्र ने बताया कि खांसी से वह पिछले एक हफ्ते से परेशान हैं निजी चिकित्सक को दिखाने के बाद भी कोई आराम नहीं मिला। इस पर चिकित्सक ने जांच कराई और बताया कि जो दवाएं दी गई हैं इनका नियमित तीन दिनों तक सेवन करें। तबियत ठीक हो जाएगी। सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव ने बताया कि मेले में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त चिकित्सकों और कर्मचारियों को लगाया गया था।