बाराबंकी। डेंगू पर नियंत्रण लगा पाने में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है। बुधवार को जिला अस्पताल में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी समेत 10 और लोग संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि के बाद सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल में तैनात स्वास्थ्य कर्मी अखिलेश कुमार पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। बुधवार को जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में उसे भर्ती कराया है।
इसके अलावा सतरिख कस्बे के रहने वाले बब्लू, अनुराग, निधि वर्मा, मुफस्सिर, सरजील और रामप्रकाश, इसके अलावा टिकैतनगर नस्बे के विनोद, रामकुमार तथा रामसनेहीघाट की कंचन में डेंगू की पुष्टि होने पर सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल में तो अन्य को परिजनों ने लखनऊ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है। इस बाबत सीएमओ डॉ. अवधेश यादव का कहना है कि टीमेें लगातार भ्रमण कर लोगों को रोग से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं।
साफ-सफाई न होने से बढ़ रहे मरीज
नगर पालिका और नगर पंचायतों में तैनात जिम्मेदार लगातार बढ़ रहे डेंगू मरीजों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के साथ भले ही अन्य प्रशासनिक अमला क्षेत्र में नजर आया हो लेकिन नगर पंचायतों में तैनात जिम्मेदार कहीं क्षेत्र में नजर नहीं आए। जबकि सबसे खराब स्थिति सतरिख, टिकैतनगर और नगर पालिका परिषद नवाबगंज की है। सबसे ज्यादा मरीज यहीं से ही पाए गए हैं।