फैजाबाद जिले की रुदौली तहसील की जिले मेें वापसी की मांग को लेकर कचहरी में शनिवार को वकीलों ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। इस दौरान वकीलों ने कचहरी परिसर में प्रदर्शन किया और हाईवे पर नारेबाजी करते हुए रुदौली तहसील को बाराबंकी में शामिल किए जाने की मांग की। इसके बाद वकील पैदल मार्च निकाल कर प्रदेश के ग्राम विकास मंत्री के घर पहुंचे और उनको अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने वकीलों को जिले में जल्द ही रुदौली वापसी करवाने का आश्वासन दिया है।
रुदौली संघर्ष समिति के अध्यक्ष एकलाख अहमद व जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में वकीलों ने कहा कि रुदौली वापसी के लिए शासन द्वारा अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। वकीलों ने कहा कि हम सब तब तक चुप नहीं बैठेंगे जब तक रुदौली वापस नहीं आ जाती। रुदौली तहसील की वापसी न होने से आक्रोशित वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर कचहरी परिसर में नारेबाजी की।
वकीलों ने मार्च निकाल कर प्रदेश के घर विकास मंत्री अरविंद सिंह गोप के घर पहुंच उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने वकीलों को आश्वासन देते हुए कहा कि वह रुदौली वापसी के लिए शासन में प्रयास करेंगे। कहा कि रुदौली जिले में आए, इसके लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। वकीलों ने भी मंत्री से कहा कि यदि रुदौली वापसी में और देरी हुई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमनलाल द्विवेदी, पंडित एसडी शर्मा, शिवकुमार शुक्ला, हरीश अग्निहोत्री, लल्लन यादव, बब्बन सिंह, कौशल किशोर त्रिपाठी, शरद उपाध्याय समेत सैकड़ों वकील मौजूद रहे। वकीलों के प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस तैनात रहा।