बाराबंकी। गैस की समस्या दूर नहीं हो रही है। लगातार मांग बढ़ती ही जा रही है लेकिन आवक उसके अनुसार न होने की वजह से बैकलॉग बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ता गैस पाने के लिए एजेंसियों पर कतार लगा रहे हैं।
सोमवार को गैस एजेंसी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीएम शशांक त्रिपाठी से मुलाकात कर आने वाली दिक्कतें से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने कंपनियों के प्रतिनिधि की मंगलवार को बैठक बुलाई है।
जिले में मौजूदा समय में गैस सिलिंडर की प्रतिदिन की बुकिंग सात हजार के आसपास है जबकि एजेंसियों को पांच हजार सिलिंडर प्रतिदिन मिल रहे हैं। ऐसे में दो हजार सिलिंडर का बैकलॉग बना रहता है। यहीं वजह है कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी गैस नहीं मिल पा रही है।
गैस एजेंसी एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह, मनीष कुमार और अरुण रावत ने जिलाधिकारी से मिलकर समस्या से अवगत कराया और बताया कि यदि मांग के सापेक्ष सिलिंडर मिल जाएं तो समस्या काफी हद तक आसान हो जाएगी। इसके अलावा कॉमर्शियल सिलिंडर की भी आपूर्ति शुरू हो जाए तो एजेंसियों पर जुट रही भीड़ कम हो जाएगी।
डीएसओ डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि उक्त मुद्दाें को लेकर डीएम के साथ मंगलवार को कंपनी के प्रतिनिधियों की बैठक प्रस्तावित है।