बाराबंकी। बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर है। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से एकमुश्त समाधान योजना 2024-25 के तहत डिफाल्टर उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा करने का एक और अवसर दिया गया है। यह मौका उन उपभोक्ताओं के लिए है जिन्होंने योजना में पंजीकरण तो कराया था लेकिन किसी कारणवश नियत तिथि तक बकाया या किस्त की राशि जमा नहीं कर सके थे।
अधीक्षण अभियंता राजबाला ने बताया कि योजना के तहत उपभोक्ता अब 31 जुलाई 2025 तक अपना बकाया बिल जमा करके छूट का लाभ उठा सकते हैं। जिले में करीब 27,000 उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने योजना के तहत पंजीकरण कराया था लेकिन भुगतान नहीं कर पाए थे।
अब ऐसे सभी पंजीकृत उपभोक्ताओं को एक बार फिर से छूट का लाभ लेने का मौका दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सरचार्ज में छूट दी जाती है जिससे उनका आर्थिक बोझ काफी कम हो जाता है। यह पहल विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद है जो आर्थिक कारणों से समय पर भुगतान नहीं कर पाए थे।
अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि इस अवसर का लाभ उठाकर अपना बकाया समय से जमा करें जिससे उन्हें बिजली कनेक्शन कटने जैसी परेशानी से न जूझना पड़े और साथ ही अतिरिक्त छूट का भी लाभ मिल सके।