बाराबंकी। तेज बुखार की चपेट में आकर 24 घंटे के अंदर दो किशोरियों की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार दोनों किशोरियां बीते एक सप्ताह से मियादी बुखार से पीड़ित थी। दोनों का ही इलाज निजी चिकित्सकों के यहां चल रहा था।
रामनगर कस्बे के मोहल्ला धमेडी निवासी नैंसी (15) पुत्री सतीश शुक्ला पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित चल रही थी। परिजनों ने बताया कि निजी चिकित्सक को दिखाया गया लेकिन हालत में सुधार न होने सीएचसी रामनगर ले जाया गया। जहां हालत गंभीर बता कर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन जिला अस्पताल लेकर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोरी की मौत हो चुकी थी।
उधर, सतरिख क्षेत्र के पांडे पुरवा निवासी शिवानी पाठक (16) पुत्री सरजू पाठक भी पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। उसका इलाज निजी चिकित्सक से कराया जा रहा था लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे सीएचसी सतरिख ले जाकर दिखाया गया। इसके बाद भी हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसे गंभीर बता कर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे शहर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नितेश कुमार ने बताया कि बुखार से किशोरी की मौत हो जाने की जानकारी मिली है। गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।