बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र में मालवाहन पर टेंंट का सामान लादते समय लोहे का पाइप ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन में छू गया। इससे करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के समाधान पुरवा मजरे सनौली गांव निवासी भीमसेन (23) मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार को उसे पड़ोस के जैदपुर थाना क्षेत्र केे गंगवई पठनान गांव निवासी टेंट मालिक राजेंद्र का पुत्र छोटू मजदूरी के लिए बुलाकर ले गया था। शनिवार को सुबह परिजनों को सूचना मिली कि भीमसेन की करंट से मौत हो गई। उसका शव जैदपुर के कजियापुर गांव स्थित टेंट की दुकान पर लाया गया है।
बड़े भाई धर्मराज ने बताया कि भीमसेन को टेंट का सामान लादने के लिए असंद्रा थाना क्षेत्र के अकोहरी गांव ले गए थे। वहां टेट के पाइप बनाने वाली दुकान के सामने मालवाहन को हाईटेंशन लाइन के नीचे खड़ा कर टेंट के पाइप लादे जा रहे थे। इस दौरान पाइप हाईटेंशन लाइन में छूने से भीमसेन करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी गई और शव को जैदपुर क्षेत्र में लाकर परिजनों को जानकारी दी। जैदपुर के एसएचओ अमित प्रताप सिंह ने बताया कि घटना असंद्रा क्षेत्र में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है। पावर कॉर्पोरेशन के अधिशासी अभियंता पीके गौतम ने बताया कि सूचना मिली है। मृतक के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। शुक्रवार को ही दरियाबाद में भी टेंट लगाते समय एक मजदूर की ऐसे ही मौत हुई थी।
बच्चों के सिर से छिना पिता का साया
भीमसेन की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। उसके तीन साल की एक बेटी व मात्र दो माह का दुधमुंहा बच्चा है। पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। भीमसेन चार भाई है। वह व उसके भाई भारतीय किसान यूनियन से भी जुड़े हैं।