बाराबंकी। शहर इलाके में हुए सड़क हादसों में एक बालिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो लोगों की पहचान नहीं हो सकी है।
शहर के देवा तिराहे के पास शनिवार को बाइक से अपनी पत्नी नसरीन बानो (35), पुत्र अबू हमजा (7) व तीन वर्षीय बेटी नसरीन बानो के साथ जा रहे पुत्तन को एक ट्रक ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में तीन साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य लोगों को मामूली चोट आई। मुख्य चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मियों ने हादसा करने वाले चालक पकड़ने के साथ गैस सिलेंडर लदे ट्रक को कब्जे में लिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हाईवे पर अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में घायल दो व्यक्तियों की देर रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। उनमें एक की आयु करीब 50 वर्ष और दूसरे की 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।