बाराबंकी। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। मसौली क्षेत्र के बहराइच हाईवे पर शुक्रवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। युवक की पहचान क्षेत्र के ग्राम बिन्दौरा निवासी आशाराम उर्फ कल्लू (32) पुत्र रामदास के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक आशाराम सुबह हाईवे पार कर रहा था। रामनगर की ओर से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में आशाराम को सीएचसी बड़ागांव पहुंचाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
लोनीकटरा क्षेत्र में हुए हादसे में बीरमखेड़ा निवासी सरजूदेई (65) पत्नी रामफेर की शुक्रवार को मौत हो गई। सरजूदेई गुरुवार को पुत्र भगवानदीन के साथ बाइक से कोटे की दुकान पर अनाज लेने जा रही थी। अलादादपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गिरकर घायल हो गई थी। सीएचसी से गंभीर हालत में सरजूदेई को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।