बाराबंकी। तालाब में सिंघाड़े की फसल में दवा डाल रहे किसान की नाव पलटने से पानी में डूबकर मौत हो गई है। यह हादसा बदोसराय थाना क्षेत्र के हजरतपुर में हुआ। गांव निवासी राम प्रकाश (50) बृहस्पतिवार को तालाब में लगाई गई सिंघाड़े की फसल में नाव से दवा डाल रहा था। इस नाव पलट गई। उसके साथ राम प्रकाश भी पानी में डूब गया।
मौके पर मौजूद उसके पौत्र अनीश ने हादसे की सूचना गांव वालों को दी। मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने राम प्रकाश को तालाब से निकाला और सीएचसी सिरौलीगौसपुर ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।