बाराबंकी। कोरोना वायरस का संक्रमण जानलेवा बनता जा रहा है। इसकी चपेट में आने से जिले में एक और मौत हो गई। डब्ल्यूएचओ की टीम के चार सदस्य, कचहरी का एक कर्मचारी और पुलिस कर्मी समेत 45 लोग संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। कर्मचारी के पॉजिटिव मिलने के बाद कचहरी को बुधवार तक के लिए सील कर दिया गया है। पॉजिटिव पाए गए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
शहर के मोहल्ला बेगमगंज (पूर्व पता भानमऊ) निवासी इब्ने हसन उर्फ शंहशाह (72) की हालत गंभीर होने पर परिवारीजनों ने जांच कराई। जांच में शहंशाह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें मेयो अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान मंगलवार को शहंशाह मौत हो गई। इसके अलावा सीएमओ कार्यालय स्थित डब्ल्यूएचओ दफ्तर के चार कर्मचारी भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। कचहरी का एक कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया है। इस पर कचहरी को बुधवार तक बंद कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कुर्सी थाना क्षेत्र के पीआरवी वाहन पर तैनात एक जवान भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया है। फतेहपुर के मोहल्ला पचघरा का एक व्यक्ति के पॉजिटिव पाए जाने के बाद मोहल्ले को सील कर दिया गया है। जिले में दो दिन में 45 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं।
देवा के मोहल्ला कचेहरान में 15 माह की मासूम समेत तीन लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रदीप पांडेय के मुताबिक प्रभावित इलाके को सील कराते हुए सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कैलाश शास्त्री ने बताया कि कस्बे के मोहल्ला कचेहरान-2 में तीन पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर लोगों की जांच की है।