बाराबंकी। ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बड्डूपुर कस्बा निवासी संदीप (23) शुक्रवार को गोलू (22) और सुभाष (16) के साथ बाइक से महमूदाबाद जा रहा था। क्षेत्र के तिगाइयां मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बाइक अनियंत्रित होकर हो गई। इस हादसे में तीनों युवक गिर गए। गोलू व सुभाष सड़क किनारे खेत में लगे कंटीले तारों में जा फसें। संदीप ट्रॉली के नीचे आ गया। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी घुंघटेर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने संदीप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ कर मौके से फरार हो गया। बड्डूपुर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र विक्रम ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।