बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र में फतेहपुर मार्ग पर रविवार रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती व मासूम बच्ची की मौत हो गई। पांच वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया।
यह हादसा रविवार रात रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर अमोलीकला गांव के पास हुआ। बदोसराय क्षेत्र के किंतूर निवासी मो. अल्ताफ (36), पत्नी एनुलनिशा (30), बेटे मो. असद (5) व बेटी हिबा अंजुम (2) के साथ बाइक से अपनी ससुराल रामनगर के सुढ़ियामऊ जा रहा था। रास्ते में ट्रक ने पीछे से बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने सूचना डायल 112 व एंबुलेंस को दी। बाइक पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी रामनगर पहुंचाया गया, जहां मो. अल्ताफ, पत्नी एनूल निशा व बेटी हिबा अंजुम को चिकित्सको ने मृत घोषित कर दिया। घायल मो. असद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, हादसे की सूचना पाकर परिवारीजन व रिश्तेदार सीएचसी रामनगर पहुंच गए। तीन लोगों की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। रामनगर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया किचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।