बाराबंकी। प्लांट में इंटरलॉकिंग ईंटों का ढरे गिरने से उसके नीचे दबकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के ग्राम धौसार में इंटरलाकिंग ईंट बनाने का प्लांट लगा है। उसमें जनपद लखीपुर खीरी के ग्राम दुमेड़ा थाना तिकानिया निवासी संतोष कुमार (20) मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार सुबह इंटरलॉकिंग ईंटों के चट्टे के पास संतोष काम कर रहा था। अचानक ईंटों का चट्टा भरभराकर उसी पर गिर गया। आसपास काम कर रहे मजदूरों ने ईंटों को हटाकर संतोष को बाहर निकाला और आनन फानन में उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल पीके झा ने बताया कि एक युवक की ईंटों की नीचे दब कर मौत हो गई थी। परिवारीजनों द्वारा अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।