बाराबंकी। जहांगीराबाद क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा मवेशी ने एक किसान की जान ले ली। बुधवार रात फसल की रखवाली करने पहुंचने किसान पर एक मवेशी ने हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल किसान की जिला अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। इस घटना के बाद खेतों की रखवाली करने पहुंचे रहे किसानों में दहशत है।
पुलिस के मुताबिक जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम अजगना निवासी बाबू लाल(55) बुधवार रात खेत में आलू व गेहूं की फसल को छुट्टा मवेशियों बचाने के लिए रखवाली करने गया था। उस दौरान एक छुट्टा मवेशी खेत में फसल चरते दिखा। बाबूलाल उसे भगाने के लिए नजदीक पहुचे तो मवेशी ने उन्हें दौड़ा लिया। करीब सौ मीटर दौड़ाने के बाद भी किसान बच नहीं सका। मवेशी ने उस पर हमला कर दिया। सिर से उठा कर किसान को पटक दिया।
इस हमले में बाबूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। किसान का शोर सुन कर दौड़े ग्रामीणों व परिवारीजनों ने किसी तरह से मवेशी को भगाया व गंभीर रूप से घायल बाबूलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाने के दौरान बाबूलाल की मौत हो गयी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि छुट्टा मवेशी के हमले में किसान की मौत हो गई है।