बाराबंकी। फतेहपुर क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिवारीजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के ससुर को हिरासत में लेकर पुलिस छानबीन की रही है।
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के ग्राम लोहजर निवासी रफीक की बेटी रजिया (20) का विवाह एक वर्ष पूर्व रसूलपनाह निवासी मोहम्मद वैश से हुआ था। शनिवार को रजिया की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रजिया के फांसी के फंद से लटकने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे मायकेवालों को रजिया का शव घर में पड़ा मिला। उसका पति व देवर लापता था। मृतका के पिता रफीक का आरोप है कि रजिया को ससुराल वाले पैसों के लिए प्रताड़ित करते थे। 15 दिन पूर्व वह पुत्री को ससुराल छोड़कर गया था। गला दबाकर रजिया की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। रजिया के ससुर पुत्तन को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। सीओ अरविन्द वर्मा व तहसीलदार रामदेव निषाद ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया विवाहिता की मौत फांसी लगाने से लग रही है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।