बाराबंकी। शहर के सत्यप्रेमीनगर में संदिग्ध हालात में एक युवक का शव कमरे में पंखे से लटका पाया गया। पहुंच पुलिस ने फाॅरेंसिक टीम के साथ छानबीन की। एक सुसाइड नोट बरामद हुआ जिसमें युवक ने निजी कारणों से आत्महत्या की बात कही है। हालांकि भाई ने कथित प्रेमिका व परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार सत्यप्रेमीनगर निवासी राहिल उर्फ सूरज (30) का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह युवती से शादी करना चाहता था मगर उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई थी। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि युवक का शव कमरे के अंदर लटका है।
पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजे खुले थे। अंदर एक सुसाइड नोट मिला जिसमें निजी कारणों से आत्महत्या करने व इस मामले में किसी को परेशान न करने की बात लिखी थी। वहीं, भाई दीपक ने बताया कि राहिल का प्रेम प्रसंग नौ साल से युवती से चल रहा थाा। उसके परिवार वालों ने धमकी दी थी।
भाई ने थाने में तहरीर देकर युवती समेत छह पर हत्या का आरोप लगाया। शहर कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भाई दीपक दूसरे मकान में रहता है। दीपक की मां कहीं गई थीं। सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।