सफदरगंज (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के दादरा गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के आंगन में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक दहेज प्रताड़ना के मामले में आरोपी था।
क्षेत्र के दादरा गांव निवासी महमूद (30) मंगलवार की सुबह अपने घर पर ही था। सुबह उसने पिता नूर मोहम्मद को चाय बनाकर दी और दवा खाकर मौसम का हवाला देकर लेटे रहने को कहा। इनका छोटा पुत्र मोहम्मद अहमद निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास को देखने चला गया था। लौटा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज लगाने के बाद भी कोई दरवाजा नहीं खोलने आया। इसके बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए और जैसे-तैसे दरवाजा खोलकर घर के अंदर पहुंचे। महमूद का शव घर के आंगन में पड़े लोहे के जाल के सहारे रस्सी के फंदे से लटका मिला।
यह नजारा देख परिजनों व ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। महमूद के खिलाफ सफदरगंज थाने में दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज था। महमूद की दो बेटियां मरियम व आमीना अपनी मां फूलबानो के साथ ननिहाल में रहती हैं। मुकदमे को लेकर महमूद तनाव में रहता था। माना जा रहा है कि इसी के चलते उसने आत्महत्या की है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि नूर मोहम्मद की ओर से बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना दी गई है। पीएम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।