जैदपुर (बाराबंकी)। एक युवक का शव गुरुवार सुबह सड़क किनारे पड़ा मिला। जानकारी होने पर मृतक के बारे में पता लगाने का प्रयास किया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। युवक की हत्या कर उसका शव फेंकने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जैदपुर थाना क्षेत्र के वैसपुर गांव के किनारे गुरुवार की सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके बारे में पता लगाने का प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 40 साल के आसपास होगी।
हालांकि युवक के शरीर में चोट का कोई निशान नहीं मिला है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही उसकी मौत का कारण पता लग सकेगा। ग्रामीण युवक की हत्या करने की आशंका जता रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय का कहना है कि मृतक के बारे मेें पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।