जहांगीराबाद (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के पलिया मसूदपुर गांव में नवविवाहिता का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हालांकि प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या बताया जा रहा है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पलिया मसूदपुर गांव निवासी मंगल का विवाह आठ महीने पहले ही अयोध्या जिले के रामजानकीनगर निवासी रामअचल की पुत्री शिवानी (25) के साथ हुआ था। मंगल बाराबंकी में गोविंद फैक्टरी में मजदूरी करता है। शुक्रवार की शाम भी वह फैक्टरी में था। इस दौरान जेठानी ने घर में ही टिनशेड में साड़ी से बने फंदे से शिवानी का शव लटका देखा तो चीख पुकार मच गई।
जानकारी मिलने पर मंगल भी घर पहुंचा। ससुर रमेश ने पुलिस को तहरीर देकर बहू को मनोरोगी बताया है। एसएचओ अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि कोई शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।