बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में लापता हुए वृद्ध का शव रविवार को रेठ नदी में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस व परिजनों में शव निकालने को लेकर खींचतान हुई। आखिरकार, तीन घंटे के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मूल रूप से देवा कोतवाली क्षेत्र के बबुरिहा मजरे खेवली गांव निवासी ननकऊ (65) का एक घर शहर में भी है। परिजनों के अनुसार 20 सितंबर को ननकऊ भैंस चराने निकले थे और लापता हो गए। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। रविवार को शहर के ही उज्जवल नगर के पास रेठ नदी में ननकऊ का शव दिखने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम हाउस में मिले परिजनों ने बताया कि पुलिस ने शव निकलवाने की बजाय इसकी जिम्मेदारी परिजनों को सौंप दी। जबकि परिजन इसे पुलिस का मामला बताकर तैयार नहीं थे। इससे करीब तीन घंटे बाद शव निकाला जा सका। सीओ सिटी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि बुजुर्ग की डूबकर मौत हुई है। किसी ने कोई आरोप नहीं लगाया है।