देवा (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र में एक कारोबारी का शव घर के अंदर फंदे पर लटका पाया गया। भाई का आरोप है कि कारोबारी के ऊपर कर्ज था। पैसा लौटाने के दबाव से परेशान होकर जान दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामला देवा कस्बे के मोहल्ला शेख प्रथम का है। यहां के निवासी मो. मुस्तकीम (40) आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाता था। रविवार देर रात जब परिजन उसके कमरे में गए तो शव रस्सी से बने फंदे पर लटक रहा था। मुस्तकीम के परिवार में उसकी पत्नी व दो बच्चे हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाई मोईन ने बताया कि मुस्तकीम ने कई लोगों से कर्जा ले रखा था, जिसकी अदायगी को लेकर वह काफी समय से परेशान था। पैसा लौटाने के दबाव के कारण अवसाद में था। इसीलिए उसने फंदे पर लटक कर जान दे दी है। देवा के कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कौन लोग कर्ज को लेकर दबाव बना रहे थे, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।