सआदतगंज (बाराबंकी)। मसौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को भैरमपुर गांव के पास नहर में संदिग्ध हालात में परिवहन निगम के संविदा चालक का शव व उसकी बाइक पड़ी मिली। युवक की पसलियों व चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। परिजन इसे संदिग्ध बता रहे हैं, जबकि पुलिस दुर्घटना कह रही है।
मसौली थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी सआदतगंज के भैरमपुर गांव के पास सुबह ग्रामीणों ने सूखी पड़ी शारदा सहायक नहर में एक युवक का शव व बाइक पड़ी देखी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु की तो पता लगा कि मृतक जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के बेरिया गांव का निवासी बस चालक मो. मुजीब (35) है। उसकी पसलियों, चेहरे व अन्य कई जगहों पर चोट के निशान मिले। नहर के पत्थरों में भी खून लगा पाया गया। सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
भाई मो. वसीम ने बताया कि मुजीब परिवहन निगम में संविदा चालक था। सोमवार रात करीब नौ बजे मुजीब पत्नी से यह बताकर निकला कि कुछ लोगों ने उसे बुलाया है और इंतजार कर रहे हैं। वसीम ने हादसे की बजाय संदिग्ध हालात में मौत होने की बात कही। वहीं, मसौली के थानाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया नहर की पटरी से बाइक नहर में गिरने से हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गांव में हुई हिंसा में आरोपी था मुजीब
मुजीब अपने गांव में हुई एक हिंसा के मामले में आरोपी था। वर्ष 2021 में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद बेरिया गांव में हथगोले चले थे। इसका वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने कई लोगों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की थी। इसी में मुजीब भी नामजद किया गया था।