माती। देवा कोतवाली क्षेत्र के माती पुलिस चौकी के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे खंती में एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे जिससे ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई। हालांकि, बाद में पत्नी ने तहरीर देकर सड़क हादसे में मौत की बात कही। पुलिस छानबीन कर रही है।
मृतक की पहचान अयोध्या जिले के मयाबाजार क्षेत्र के काजी बेहटा निवासी विजय कुमार (30) के रूप में हुई। विजय की शादी देवा इलाके के बड़ाताल गांव निवासी पूजा से हुई थी। इन दिनों वह ससुराल केे पास ही माती में किराए के कमरे में रह रहा था। उनकी दो बेटियां लक्ष्मी व अनामिका हैं। पत्नी पूजा ने बताया कि सोमवार रात विजय घर से निकले थे और कहा था कि उन्हें किसी से पैसे लेने जाना है, लेकिन वे लौटकर नहीं आए।
मंगलवार सुबह जब वह तलाश में निकलीं तो देखा कि सड़क किनारे भीड़ जुटी है और वहीं विजय का शव पड़ा था। माती चौकी इंचार्ज अशोक कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अयोध्या से परिजन भी पहुंच गए।
देवा कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगी। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में युवक रात में सड़क पर लड़खड़ाता हुआ दिखा है, जैसे वह नशे में हो। फिलहाल, परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।