सूरतगंज (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र मोहम्मदपुर खाला में शुक्रवार शाम घर से निकले अधेड़ का शव शनिवार सुबह सुमली नदी में संदिग्ध हालात में उतराता हुआ मिला। नदी किनारे रखे हुए चप्पल और कपड़े भी मिले। खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस छानबीन में लगी है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के मौसंडा गांव के हजारी (54) शुक्रवार शाम पांच परिजनों से बिना कुछ बताए हुए बजे घर से निकले थे। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने सोचा कि कहीं रुक गए होंगे। शनिवार सुबह परिजनों को खबर मिली कि गांव से करीब दो किमी दूर बंभनवा गांव के समीप से होकर गुजरी सुमली नदी में हजारी का शव उतरा रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो पता चला कि हजारी शराब पीते थे। कुछ दूरी पर उनके चप्पल और कपड़े भी रखे हुए मिले जिन्हें पुलिस अपने साथ ले गई। एसएचओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।