बाराबंकी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गणेशपुर स्थित विवेकानंद सभागार में अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के महत्व और उनके अवसर बता सशक्त बनाना रहा। छात्राओं को बताया गया कि अनुशासन और आत्मबल के सहारे बेटियां इतिहास रच रही हैं।
डायट प्राचार्य अमित कुमार यादव ने कहा कि डीएलएड करने वाली बेटियां केवल शिक्षक ही नहीं बन सकती बल्कि सिविल सेवा में भी अपना भाग्य आजमा सकती हैं। जिले में ऐसे कई अधिकारी हैं, जो पहले शिक्षक थे। उच्च शिक्षा की पढ़ाई के बाद किसी भी क्षेत्र में बेटियां अपनी कामयाबी के कदम बढ़ा सकती हैं।
सीओ गरिमा पंत ने बेटियों को बताया कि वह उच्च शिक्षा प्राप्त कर किसी भी मंजिल को आसानी से पा सकती है। हमारी बेटियां उच्च शिक्षा के साथ नया इतिहास गढ़ रही है। हमें उनसे सीख लेने की जरूरत है। इसके अलावा अरुण प्रताप सिंह ने छात्राओं को पुलिस के सहायता नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस हर परिस्थिति में महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपातकाल की स्थिति में तुरंत वूमेन पावर लाइन 1090 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल करें। वहीं, महिला आरक्षी रेखा ने भी छात्राओं को दैनिक जीवन और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने के टिप्स दिए और उन्हें साइबर ठगी से बचने को लेकर जागरूक किया। डायट के प्रवक्ता मनीष सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बेटियों के भीतर का डर खत्म होता है और वे समाज में अपराजिता बनकर निखरती हैं। इस अवसर पर भारी संख्या में संस्थान के शिक्षक, शिक्षिकाएं, प्रशिक्षक और छात्राएं मौजूद रहीं।