बाराबंकी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में जिला पोषण समिति, एमडीएम एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें मौजूद डीएम ने बच्चों के लिए चक्र वार एक टीचिंग प्लान बनाए जाने का निर्देश दिया।
बैठक में पोषण ट्रैकर एप पर वजन फीडिंग, सैम बच्चों से संबंधित सूचना, वीएचएसएनडी, एनआरसी प्रगति विवरण, हॉट कुक्ड फूड योजना का संचालन, समुदाय आधारित गतिविधियां, खाद्यान्न वितरण संबंधी सूचना, पूर्व प्राथमिक शिक्षा से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई। डीएम ने पोषण ट्रैकर पर समस्त इंडिकेटर की फीडिंग निर्धारित तिथि तक पूर्ण रूप से कराए जाने के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, मुख्य सेविका, बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा सैम बच्चों के घरों पर भ्रमण कर पोषण परामर्श प्रदान करने से संबंधित निर्देश दिए।
कहा कि हॉट कुक्ड फूड योजना से समस्त लाभार्थियों को शत प्रतिशत लाभ दिया जाए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना 2.0 का क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए की इस योजना को क्रियान्वित करने हेतु समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों की ट्रेनिंग शेड्यूल करके यथाशीघ्र कर ली जाए और योजना में जनपद स्तर पर जो भी लंबित है उसको यथाशीघ्र निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
बैठक में बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र सराय रावत, हैदरगढ़ को एक मॉडल केंद्र के साथ-साथ पूर्व प्राथमिक शिक्षा के संसाधन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।