बाराबंकी में साइबर ठगों ने सिपाही के तीन खातों से 16 लाख रुपये निकाल लिए। बहन की शादी के लिए बैंक में पैसे जमा कर रहे थे। 80 से अधिक बार ट्रांजैक्शन हुए। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के बाराबंकी में साइबर अपराधियों ने एक सिपाही को निशाना बनाकर उसके तीन बैंक खातों से करीब 16 लाख रुपये की रकम पार कर दी। सिपाही के पिता की एलआईसी से मिली धनराशि और बहन की शादी के लिए जमा की गई बचत के पैसे ठगों ने महज 72 घंटे के भीतर निकाल लिए।
विज्ञापन
मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव के रहने वाले रोहित कुमार वर्तमान में दरियाबाद थाने में तैनात हैं। उन्होंने शुक्रवार को साइबर थाने में 16 लाख रुपये ठगने की शिकायत दर्ज कराई। बताया कि 19 मार्च से उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने शुरू हो गए थे।
80 से अधिक ट्रांजैक्शन किए
इस पर उन्होंने बैंक से संपर्क किया, जहां उन्हें किसी के साथ ओटीपी साझा न करने की सलाह दी गई। इसके बावजूद 23 से 26 मार्च के बीच ठगों ने उनके बैंक ऑफ बड़ौदा के दो खातों और यूनियन बैंक के एक खाते से 80 से अधिक ट्रांजैक्शन कर पूरी रकम निकाल ली।
बहन की शादी के लिए पैसे जमा किए थे
रोहित ने बताया कि पिता के निधन के बाद एलआईसी की आठ लाख और बहन की शादी के लिए जमा उनकी पत्नी की बचत के करीब आठ लाख रुपये उड़ा दिए। उनके तीनों बैंक खाते एक ही मोबाइल नंबर से लिंक थे। इनमें एक खाता अंबेडकरनगर जिले की रामनगर तहसील में और दो खाते भिटरिया स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा व यूनियन बैंक में हैं।