सतरिख (बाराबंकी)। बारिश के पानी से भरे खेत में बिजली के खंभे से करंट उतर आया। इसकी चपेट में आकर खेत में काम कर रही महिला बेहोश हो गई। महिला का पति उसे बचाने जैसे ही उतरा, वो भी बुरी तरह झुलस गया। करीब 20 मिनट बाद लाइनमैन पहुंचा तो तार कटवाकर दोनों को बाहर निकालकर सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला का प्राथमिक उपचार किया।
सतरिख के ग्राम देवियापुर मजरे सहोलिया के किसान रामलखन यादव (50) की पत्नी सावित्री सोमवार की सुबह बारिश के बाद धान के खेत गई थी। कुछ देर बाद रामलखन भी खेत पहुंच गया। इसी बीच बिजली आपूर्ति शुरू हुई तो किनारे लगे खंभे के स्टेवायर से खेत में भरे पानी में करंट उतर आया। सावित्री करंट के झटके से गश खाकर गिर गई।
ये देखकर रामलखन खंभे के पास ही चप्पल उतारकर खेत में उतर गया और वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। प्रधान प्रतिनिधि विनोद ने फोन कर बड़ेल फीडर के कर्मियों को सूचना दी। लाइनमैन रामकैलाश ने लाइन काटी, जिसके बाद दंपति को खेत से बाहर निकालकर सीएचसी सतरिख ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने रामलखन को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद से सावित्री, उसके पुत्र नीरज, उदयभान, अर्जुन व अंगद के साथ अन्य परिजनों में कोहराम मचा है। नायब तहसीलदार प्रियंका शुक्ला, इंस्पेक्टर नारद मुनि सिंह ने अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। वहीं लेखपाल अजय सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और सहायता मुहैया कराने की प्रक्रिया शुरू की है।
ग्रामीण बोले, लापरवाह है बिजली विभाग
प्रधान प्रतिनिधि व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पूरे गांव में तार झूल रहे हैं। घटनास्थल के समीप ही एक खंभा टूटा पड़ा है, जबकि एक खंभा झुका है। आए दिन बारिश में स्टेवायर में करंट उतरता रहता है। कई बार इसको लेकर शिकायत भी की गई, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। एक्सईएन अंशुमान यादव ने बताया कि विभाग के सुरक्षा निदेशालय से जांच कराई जाएगी। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। खंभों व तार को जल्द ठीक कराएंगे।