बाराबंकी। गैंगस्टर के मामले में मुख्तार अंसारी व 12 अन्य आरोपियों की सुनवाई बृहस्पतिवार को जिले की एमपीएमएलए कोर्ट में हुई। मुख्तार जहां वीडियो कांफ्रेंसिंग से अदालत में पेश किया गया वहीं एक आरोपी सलीम कोर्ट में हाजिर हुआ। मुख्तार के वकील ने गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराने वाले कोतवाल सुरेश पांडेय से जिरह पूरी की। इस दौरान जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी कभी बेचैन तो कभी शांत दिखा। मामले की अगली सुनवाई अब चार अगस्त को होगी।
बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्तार को एमपीएमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश कमलकांत श्रीवास्तव के समक्ष पेश किया गया। मुख्तार पहले तो शांत दिखा लेकिन जिरह होने के दौरान वह काफी बेचैन सा दिखा। इस दौरान उसने पानी भी पिया। मुख्तार के वकील रणधीर सिंह सुमन ने गैंगस्टर के केस के वादी व वर्तमान में रामनगर के कोतवाल सुरेश पांडेय से कई बिंदुओं पर जिरह पूरी की।
सुनवाई के दौरान एक आरोपी सलीम पेश हुआ जबकि बाकी के लिए हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दिया गया। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता मथुरा प्रसाद वर्मा ने बताया कि कोर्ट ने केस की अगली सुनवाई के लिए चार अगस्त की तारीख तय की है।
एंबुलेंस पंजीकरण से जुड़ा गैंगस्टर का केस
फर्जी कागजों के आधार पर पंजीकृत की गई एंबुलेंस को लेकर दर्ज धोखाधड़ी के केस के बाद तैयार पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर 24 मार्च 2022 को डीएम ने मुख्तार अंसारी के खिलाफ गैंगस्टर केस को मंजूरी दी थी। इसके बाद 25 मार्च 2022 को तत्कालीन शहर कोतवाल सुरेश पांडेय ने मुख्तार अंसारी व उसके 12 अन्य सहयोगियों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप पत्र दाखिल होने के बाद अब इस मामले का ट्रायल एमपीएमएलए कोर्ट में हो रहा है।