बाराबंकी। जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी जिले में आठ क्रय केंद्रों पर मंगलवार को धान खरीद पूरी तरह से बंद रही। इससे इन केंद्रों पर मौजूद किसान काफी परेशान हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
धान खरीद के लिए जिले में 56 क्रय केंद्र खोले गए हैं। मगर पीसीएफ के 19 केंद्रों पर धान खरीद पिछले कई दिन से नहीं हो रही है। इसके अलावा मंडी के तीन, भारतीय खाद्य निगम के दो व अन्य एजेंसियों के क्रय केंद्रों पर धान खरीद ठप पड़ी है।
जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आदेश जारी किया है कि जिले के सभी केंद्रों पर धान खरीद होगी और सीधे किसानों से धान की तौल की जाएगी। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मगर इस आदेश का अनुपालन होता नहीं दिख रहा है। मंगलवार को वतिया, हजरतपुर, मंजीठा, बरौली, केसरीपुर, हुसैनाबाद, बरौली समेत आठ क्रय केंद्रों पर धान खरीद पूरी तरह से बंद रही। यहां मौजूद किसानों का आरोप है कि केंद्र प्रभारी पूरी तरह से मनमानी कर रहे हैं और जगह होने के बाद भी धान की तौल नहीं कर रहे हैं। इससे किसान खासा परेशान हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी का कहना है कि जिले के सभी 56 क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू करने के आदेश पहले से जारी किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने भी इसका सख्ती से अनुपालन कराने के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी यदि केंद्रों पर धान की तौल नहीं की जा रही है तो ऐसे क्रय केंद्र प्रभारियों के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।