हबीबपुर स्थित इसी तालाब में दिखा मगरमच्छ। स्रोत- ग्रामीण
मसौली (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र मसौली के ग्राम हबीबपुर स्थित तालाब के किनारे मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने छानबीन की लेकिन तालाब में जलकुंभी होने के कारण रेस्क्यू नहीं किया जा सका।
मसौली थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में बुधवार सुबह ग्रामीणों ने शारदा सहायक डबल नहर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब के किनारे एक विशाल मगरमच्छ बैठा देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को देने के साथ वन विभाग के अधिकारियों को भी दी।
वन विभाग की टीम जब तक मौके पर पहुंची, मगरमच्छ तालाब में चला गया। तालाब में जलकुंभी अधिक होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। डिप्टी रेंजर रामनगर अवनीश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पास से ही शारदा सहायक नहर निकली है।
संभवत: नहर से ही निकलकर मगरमच्छ गांव के तालाब में आ गया है। जलकुंभी अधिक होने के कारण रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। टीम निगरानी कर रही है। बाहर निकलने पर रेस्क्यू किया जाएगा। ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि तालाब के निकट जाने का प्रयास न करें।