टक्कर मारने के बाद अंबाला का चालक मौके से फरार हो गया है।
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर आए जनपद सीतापुर निवासी युवक व युवती मंगलवार देर शाम सड़क हादसे का शिकार हो गए। युवती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवक को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के दौरान बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
सीतापुर जनपद के ग्राम भुड़कुला थाना महमूदाबाद निवासी सुशील कुमार वर्मा (35) पुत्र मैकूलाल अपने पड़ोस के गांव सेमरा निवासी रूबी बानो (28) के साथ बाइक से किसी काम से फतेहपुर आया हुआ था।
मंगलवार की देर शाम वह बाइक से लौटते समय फतेहपुर-भगौली मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। गंभीर रूप से जख्मी रूबी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं सुशील को स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में सीएचसी फतेहपुर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो सीएचसी फतेहपुर में गंभीर रूप से घायल सुशील वर्मा करीब 20 मिनट तड़पता रहा लेकिन किसी स्वास्थ्य कर्मी ने उपचार तो दूर उसे हाथ तक नहीं लगाया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस की फटकार के बाद युवक का उपचार शुरू हो सका। कोतवाल मोहन वर्मा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक का पता लगाया जा रहा है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।