हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के जौनपुर-लखनऊ मार्ग पर हुई दुर्घटना में क्षतिग्रस्त ट्रक व बस।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के हैदरगढ़ कोतवाली, टिकैतनगर थाना क्ष्ाेत्र व मसौली थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए। पहला हादसा हैदरगढ़ इलाके में हुआ जहां पर रविवार को दोपहर जौनपुर से लखनऊ की ओर जा रही जौनपुर डिपो की बस लखनऊ मार्ग पर गोतौना के निकट विपरीत दिशा से आए ट्रक में सामने से टकरा गई। ट्रक कानपुर से आलू लाद कर सुल्तानपुर को जा रहा था।
बस में सवार रायबरेली के थाना शिवगढ़ के कुम्हरांवा गांव निवासी शाकिर अली, सुल्तानपुर के लंभुआ की सीता देवी पत्नी अमित तथा इसी थाने के अवसानपुर गांव के सुनील यादव व इनके भाई सुशील यादव, अमेठी इन्हौना चौकी के कैथा गांव के बृजेश सिंह, लखनऊ के पीजीआई निवासी वंदना सिंह व इनकी बहन पूजा सिंह तथा यहीं की कल्पना सिंह व इनकी पुत्री स्नेहा सिंह, सुल्तानपुर के शीतलपुरी निवासी रमाशंकर यादव को घायल अवस्था में सीएचसी भेजा गया है।
बस के चालक प्रतापगढ़ के महोली गांव निवासी राममनि यादव व परिचालक जौनपुर बदलापुर के रमेश चंद्र यादव को घायल अवस्था में सीएचसी लाया गया था। परिचालक रमेश चंद्र यादव ने कहा कि बस में कुल अड़तीस सवारी मौजूद थी जिनमें सभी को थोड़ी बहुत चोटें आई हैं। 12 घायलों का उपचार के बाद गंतव्य को भेजा गया है।
परिचालक की शिकायत पर केस दर्ज कर ट्रक के चालक की तलाश की जा रही है। दूसरा हादसा मसौली थाना क्षेत्र में सहावपुर के पास हुआ जहां गाेंडा मार्ग पर एक स्कार्पियो, बोलेरो व रोडवेज की बस में आपस में भिड़ंत हो गई। इस दौरान सड़क पर साइकिल से जा रहे कपरिया गांव निवासी बृजनंदन(24) पुत्र उपेंद्र कुमार भी हादसे का शिकार हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बोलेरो सवार दो लोग चोटिल हुए जिनका जिला अस्पताल में इलाज हुआ है। वहीं टिकैतनगर थाना क्षेत्र के बारिनबाग चौराहे पर रविवार की देर शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में ग्राम पूढ़ा सुखीपुर निवासी लल्लू (35) पुत्र ननकऊ की मौके पर ही मौत हो गई वहीं उसका साथी अमरेश (25) गंभीर रूप से घायल हो गया।