जिले में अलग अलग थाना क्षेत्रों रविवार को तेरह महिलाओं व युवतियों की चोटी कटने का दावा किया गया है। इन सभी का परिवारीजनों द्वारा सीएचसी में इलाज करवाया गया है। असंद्रा थाना क्षेत्र के सुकलालपुुरवा मजरे मिर्चिया निवासी रुचि शुक्ला पत्नी प्रदीप की चोटी शनिवार की देर रात कट गई।
देवा कोतवाली के अक्षरीपुरवा निवासी रूबी की चोटी रविवार को कटने का दावा किया गया है। कोठी क्षेत्र के मचपुरा में भगवानदीन की बेटी सीमा देवी की चोटी कट गई। सतरिख थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी जमीरा व शरीफाबाद की मालती की भी चोटी कट गई।
लोनीकटरा थाना क्षेत्र में बेहटा गांव के अंशू पुत्री श्रवण, खैराबीरू की दीपिका पुत्री रामसनेह व जरौली की रेनू पत्नी अशोक की दूसरी बार चोटी कटने का दावा किया गया है। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के सरदारगंज निवासी राजेश्वरी पत्नी पवन कुमार, बहावपुर निवासी सुमन पत्नी जैसीराम की चोटी काट ली गई।
कोठी थाना क्षेत्र के सैदहा की रेशमी की चोटी कट गई। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के जुगराजपुर गांव की मुस्कान पुत्री समरबहादुर,घोसियाना वार्ड की सहमीन पुत्री अजीज की चोटी कटने का दावा किया गया है। परिवारीजनों ने इन सभी की हालत बिगड़ने पर इनका इलाज संबंधित इलाके की सीएचसी में करवाया है।