केंद्रीय विद्यालय के एक शिक्षक द्वारा छात्र का उत्पीड़न किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र से कपड़े उतार कर फोटो खिंचवाने को कहा। मामले की शिकायत विद्यालय के छात्रों व पीड़ित छात्र के पिता ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी से की है। छात्रों ने डीएम को बताया कि आरोपी शिक्षक ने शिकायत पर फेल किए जाने और चरित्र प्रमाण पत्र खराब किए जाने की धमकी दी है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
लखपेड़ाबाग निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उनका बेटा केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 12 का छात्र है। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को भौतिक विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा थी। जब छात्र विद्यालय पहुंचा तो कक्षा अध्यापक आरपी यादव ने परीक्षक से कहा कि यही हैं...। इसके बाद परीक्षक ने छात्र से आरपी यादव के पैर छूकर माफी मांगन को कहा। जब छात्र ने पैर छुए तो उसकी फोटो खींची गई।
शिक्षक व परीक्षक ने उससे कपड़े उतार कर फोटो खिंचवाने को कहा। इस पर छात्र रोने लगा तो प्रैक्टिकल में फेल करने की धमकी दे कर उसे भगा दिया। पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रधानाचार्य जेपी यादव ने उनके बेटे को प्रताड़ना दी थी। आरपी यादव ने यह कृत्य प्रधानाचार्य के इशारे पर किया है। पिता ने बताया कि तीन माह पहले उक्त शिक्षक ने छात्र को गाली दी थी, जिसका उसने विरोध किया था।